जनपद की तीनों तहसीलों में सम्पन्न हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस
जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश, लापरवाही पर सख्त कार्यवाही के संकेत
एटा। शासन की मंशानुसार माह के प्रथम शनिवार को सार्वजनिक अवकाश होने के कारण आज सोमवार को जनपद की तीनों तहसीलों—एटा सदर, अलीगंज एवं जलेसर—में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।
जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह ने तहसील एटा सदर में जनसमस्याओं को सुना तथा संबंधित अधिकारियों को शासन की मंशानुसार जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनशिकायतों का निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, किसी भी प्रकार की लापरवाही एवं समस्याओं की अनदेखी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायतकर्ता का संतुष्टि पूर्ण निस्तारण आवश्यक है,शासन द्वारा विभिन्न स्तर से इनका फीडबैक भी निरंतर लिया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कोई भी प्रार्थनापत्र निर्धारित समयावधि से अधिक लंबित न रहे। लेखपाल, बीट सिपाही एवं पंचायत सचिव नियमित रूप से गांवों का भ्रमण कर स्थानीय समस्याओं का मौके पर समाधान करें। दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी।
उन्होंने नगरीय निकायों एवं तहसीलों में संचालित रैन बसेरा एवं अलाव स्थलों पर शीत ऋतु को देखते हुए पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। अधिशासी अधिकारी,आपदा प्रबंधन एवं तहसील के कार्मिक नियमित निरीक्षण करें, किसी भी स्थिति में कोई भी व्यक्ति शीत लहर से प्रभावित न हो।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने केन्द्र सरकार द्वारा नेडा विभाग के माध्यम से संचालित प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक लोगों से जुड़ने का आह्वान किया, जिससे ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिल सके,एवं बिजली के भारी भरकम बिल से राहत प्राप्त हो सके,इस योजना में सब्सिडी भी प्रदान की जा रही है।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान तहसील एटा सदर में कुल 12 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 03 का मौके पर निस्तारण किया गया।
एडीएम (वि0रा0) लालता प्रसाद शाक्य ने तहसील अलीगंज में उप जिलाधिकारी जगमोहन गुप्ता एवं अन्य तहसील स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति में जनसमस्याएं सुनीं। यहां कुल 12 शिकायतें प्राप्त हुईं।
तहसील जलेसर में मुख्य विकास अधिकारी डॉ0 नागेंद्र नारायण मिश्र ने उपजिलाधिकारी भावना विमल सहित अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में जनसमस्याएं सुनीं। यहां कुल 17 शिकायतें प्राप्त हुईं,जिनमें से 02शिकायतें मौके पर निस्तारित की गई।
इस अवसर पर एसडीएम सदर विपिन कुमार मोरल, तहसीलदार नीरज वार्ष्णेय,अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 राममोहन तिवारी,नायब तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारीगण, खण्ड विकास अधिकारी, थाना प्रभारी एवं अन्य विभागीय अधिकारी आदि उपस्थित रहे।
