सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए: एडीएम प्रशासन
एटा। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में जिलाधिकारी
प्रेम रंजन सिंह के निर्देशानुसार अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सत्य प्रकाश की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में गत बैठक में की गई कार्यवाहियों की समीक्षा करते हुए सड़क सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि एटा-टूंडला मार्ग पर जहां सड़क निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, वहां नगर पालिका द्वारा सड़क किनारे इंटरलॉकिंग का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके।
ए आर टी ओ द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद में अभियान चलाकर गैर-पंजीकृत ई-रिक्शा के संचालन पर प्रभावी रोक लगाई जा रही है।। साथ ही उन्होंने बताया कि माध्यमिक शिक्षा, बेसिक शिक्षा एवं यातायात विभाग के संयुक्त अभियान के अंतर्गत ऐसे स्कूली वाहनों के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा, जिनकी आयु 15 वर्ष से अधिक हो चुकी है, फिटनेस प्रमाणपत्र नहीं है अथवा परमिट समाप्त हो चुका है।
अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि किसी अवैध अथवा अयोग्य वाहन से दुर्घटना होती है तो उसकी समस्त जिम्मेदारी संबंधित विद्यालय संचालक की होगी। उन्होंने सभी विद्यालय संचालकों को निर्देशित किया कि वे अपने वाहनों की वैधता, फिटनेस एवं चालक की योग्यता की जांच सुनिश्चित कर लें तथा प्रशिक्षित चालकों से ही वाहन संचालित कराएं।
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि मार्ग दुर्घटनाओं के लिए जिम्मेदार वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। ऐसे चालकों के लाइसेंस निलंबन हेतु शासन से निर्देश प्राप्त हो चुके हैं। पुलिस विभाग द्वारा संबंधित सूचनाएं परिवहन विभाग को उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी, एआरटीओ, एआरएम रोडवेज सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं विभिन्न विद्यालयों के संचालकों को सड़क सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
प्रशासन द्वारा जनपदवासियों से अपील की गई है कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर स्वयं एवं अन्य नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। बैठक में अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी ललित कुमार अग्रवाल आदेश कुमार वर्मा ए आर टी ओ सत्येंद्र कुमार अधिशासी अभियंता विद्युत सत्यभान सिंह, एआरएम रोडवेज नरेश कुमार गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण आदि उपस्थित रहे।
सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए: एडीएम प्रशासन
अमित माथुर - उप संपादक कलप्रिट तहलका
Leave a Comment
Leave a Comment
