रामपुर क़े जौहर विश्वविद्यालय पर ED का बड़ा एक्शन, 1170 करोड़ की संपत्ति कुर्क की गई
UP क़े रामपुर में प्रवर्तन निदेशालय (ED) के लखनऊ अंचल ने पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहम्मद आजम खां से जुड़े धन-शोधन मामले में बड़ी कार्रवाई की है। ED ने रामपुर स्थित मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय की भूमि और भवनों को अनंतिम रूप से कुर्क कर लिया है। कुर्क की गई संपत्तियों का मूल्य 426.46 करोड़ रुपये आंका गया है, जबकि इनका मौजूदा बाजार मूल्य करीब 1,170 करोड़ रुपये बताया गया है।
ED के मुताबिक, यह कार्रवाई मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट, मोहम्मद आजम खां और अन्य के खिलाफ चल रही धन-शोधन जांच के तहत की गई है। विश्वविद्यालय का परिसर रामपुर के जौहर नगर स्थित ग्राम सिंहनखेड़ा में है। इसका स्वामित्व मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट के पास है।
जांच एजेंसी के अनुसार, ट्रस्ट की स्थापना मोहम्मद आजम खां ने की थी और विश्वविद्यालय पर उनका नियंत्रण है। वह इसके मानद कुलाधिपति भी हैं।
जांच के दायरे में विश्वविद्यालय की संपत्तियां
ED ने धन-शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत संपत्तियों को अनंतिम रूप से कुर्क किया है। एजेंसी की जांच में सामने आए तथ्यों और आरोपों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। मामले में आगे की जांच जारी है। #AzamKhan
