वायुसेना स्टेशन से पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI का जासूस अरेस्ट
राजस्थान इंटेलिजेंस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वायुसेना से जुड़े एक कर्मचारी को जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 36 वर्षीय सुमित कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और वर्तमान में छाबुआ एयर फोर्स स्टेशन में मल्टी-टास्किंग स्टाफ (MTS) के पद पर तैनात था। जांच एजेंसियों के अनुसार, सुमित कुमार वर्ष 2023 से पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों के संपर्क में था। आरोप है कि वह पैसों के लालच में देश की संवेदनशील सैन्य जानकारी साझा कर रहा था। उसने लड़ाकू विमानों, मिसाइल सिस्टम और वायुसेना के कर्मियों से जुड़ी अहम सूचनाएं दुश्मन देश तक पहुंचाईं।
राजस्थान इंटेलिजेंस की पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि आरोपी लंबे समय से इस गतिविधि में शामिल था और लगातार गोपनीय जानकारियां लीक कर रहा था। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर विस्तृत पूछताछ शुरू की गई।
आरोपी के खिलाफ Official Secrets Act समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और जानकारी किस स्तर तक साझा की गई।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां इसे राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला मानकर हर पहलू की गहराई से पड़ताल कर रही हैं।
