बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती राजकीय सम्मान एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह की अध्यक्षता में आयोजित किया गया मुख्य कार्यक्रम
एटा । शासन के निर्देशों के अनुपालन में जनपद एटा में भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती पूर्ण श्रद्धा, सम्मान एवं गरिमा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह की अध्यक्षता में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के उपरांत आयोजित विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने डॉ. भीमराव आंबेडकर के जीवन, संघर्ष एवं उनके अद्वितीय योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने बताया कि उनका जन्म 14 अप्रैल 1891 को मध्य प्रदेश के महू में हुआ था। प्रतिकूल सामाजिक परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपनी प्रतिभा एवं दृढ़ संकल्प के बल पर उच्च शिक्षा अर्जित की तथा कोलंबिया विश्वविद्यालय एवं लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से शिक्षा प्राप्त कर वैश्विक स्तर पर अपनी विद्वता का परचम लहराया।
वक्ताओं ने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर भारतीय संविधान के प्रमुख शिल्पकार थे, जिन्होंने समानता, स्वतंत्रता एवं बंधुत्व के सिद्धांतों पर आधारित संविधान का निर्माण किया। उन्होंने समाज के वंचित एवं कमजोर वर्गों के उत्थान हेतु जीवनपर्यंत संघर्ष करते हुए उन्हें सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक अधिकार दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके विचार आज भी समतामूलक समाज की स्थापना के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
जिलाधिकारी ने उपस्थित जनों से आह्वान किया कि वे बाबा साहब के बताए मार्ग का अनुसरण करते हुए सामाजिक समरसता, समानता एवं न्याय की भावना को सुदृढ़ करें। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर ने छुआछूत के विरुद्ध संघर्ष कर समाज को नई दिशा दी तथा शिक्षा, विशेषकर महिलाओं की शिक्षा पर विशेष बल दिया। उनके विचार वर्तमान परिप्रेक्ष्य में भी पूर्णतः प्रासंगिक हैं और हम सभी के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी अनवर राशिद फारूकी, संयुक्त निदेशक अभियोजन, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर अविरल तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन दीपक कुमार द्वारा किया गया।
