मुंबई के पायधुनी इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। संदिग्ध फूड पॉइजनिंग के चलते एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान अब्दुल्ला डोकाडिया (40), उनकी पत्नी नसरीन (35) और दो बेटियां आयशा (16) व जैनब (13) के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि परिवार ने रात के खाने में बिरयानी खाई थी, जिसके बाद उन्होंने तरबूज खाया। कुछ ही देर में सभी की तबीयत बिगड़ने लगी।
मौत से पहले दिए गए बयान में परिवार के एक सदस्य ने बताया कि तरबूज उनके रिश्तेदार लेकर आए थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि तरबूज खाने के बाद फूड पॉइजनिंग हुई। वहीं, जिन लोगों ने केवल चिकन पुलाव खाया, उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं हुई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर लैब भेजे गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
