भीषण गर्मी में नागरिकों को राहत: नगरीय निकाय ने पेयजल आपूर्ति के लिए कसी कमर, अस्थाई प्याऊ एवं टैंकर व्यवस्था शुरू
एटा। जनपद में पड़ रही भीषण गर्मी एवं लू के प्रकोप को दृष्टिगत रखते हुए नगरीय निकाय द्वारा आम नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने हेतु प्रभावी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। इस क्रम में नगर पालिका परिषद एटा द्वारा जल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाते हुए निरंतर कार्य किया जा रहा है।
नगर पालिका परिषद एटा से प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्तमान में जनपद में 5 आरओ वाटर कूलर एवं 19 सामान्य वाटर कूलर विधिवत रूप से संचालित हैं, जिनके माध्यम से नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त बढ़ती गर्मी को देखते हुए नगर के 5 प्रमुख स्थानों—तहसील परिसर, ठंडी सड़क चौराहा, नन्नूमल चौराहा, माया पैलेस चौराहा एवं कचहरी चौराहा—पर कल से अस्थाई रूप से प्याऊ की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है, जिससे राहगीरों एवं आमजन को राहत मिल सके।
जलकल विभाग द्वारा अवगत कराया गया है कि जनपद में लगभग 1300 हैंडपंपों के माध्यम से भी पेयजल आपूर्ति की जा रही है। इसके साथ ही यदि किसी क्षेत्र में पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने अथवा अन्य कारणों से जल आपूर्ति बाधित होती है, तो तत्काल प्रभाव से टैंकरों के माध्यम से अस्थाई जलापूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
टैंकर से पानी की आपूर्ति प्राप्त करने के लिए नागरिक जल नगर पालिका के जलकल विभाग के टैंकर प्रभारी के मोबाइल नंबर9761930460 पर संपर्क कर सकते हैं। नगरीय निकाय द्वारा सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि गर्मी के इस कठिन समय में पेयजल आपूर्ति में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा आमजन को निर्बाध जल उपलब्ध कराया जाए।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि पानी का संयमित उपयोग करें एवं किसी भी समस्या की सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दें, जिससे समय रहते समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
भीषण गर्मी में नागरिकों को राहत: नगरीय निकाय ने पेयजल आपूर्ति के लिए कसी कमर, अस्थाई प्याऊ एवं टैंकर व्यवस्था शुरू
अमित माथुर - उप संपादक कलप्रिट तहलका
Leave a Comment
Leave a Comment
