विश्व पर्यावरण दिवस पर पटना पक्षी विहार में होंगे विविध कार्यक्रम
एटा। राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन, नई दिल्ली के निर्देशानुसार विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला गंगा समिति, एटा एवं सामाजिक वानिकी प्रभाग के संयुक्त तत्वावधान में जलेसर स्थित पटना पक्षी विहार में पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता को समर्पित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
जिला गंगा समिति, जिला वृक्षारोपण समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की मासिक बैठक में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) राजेन्द्र प्रसाद मिश्र ने कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पटना पक्षी विहार में शैक्षिक भ्रमण, कार्यशाला, सेमिनार, खेलकूद गतिविधियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा युवाओं की सहभागिता पर आधारित विभिन्न आयोजन किए जाएंगे। इसके साथ ही “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया जाएगा तथा सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन एवं गंगा संरक्षण से जुड़े संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
सीडीओ ने कार्यक्रमों के सफल आयोजन एवं विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के लिए नमामि गंगे के जिला परियोजना अधिकारी आर्यन गौड़ को आवश्यक निर्देश दिए। तथा अन्य विभागों के उच्च अधिकारियों को कार्यक्रम में उपस्थित रहने हेतु भी कहा गया।
सामाजिक वानिकी प्रभाग के प्रभागीय निदेशक विपिन वर्मा ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में भी व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ), जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ), उप कृषि निदेशक (डीडी एग्रीकल्चर), जिला कृषि अधिकारी, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र (जीएम डीआईसी), जल निगम, प्रदूषण नियंत्रण विभाग, जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी सहित जिला गंगा समिति से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
