विश्व पर्यावरण दिवस पर जनपद एटा में हरित क्रांति का संकल्प
———————————————–
“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत हुआ व्यापक वृक्षारोपण, जनभागीदारी से बना जनआंदोलन
———————————————
रामसर साइट पटना पक्षी विहार में जनप्रतिनिधियों, डीएम, एसएसपी व सीडीओ ने किया पौधरोपण, विद्यार्थियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
एटा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद एटा में “सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान” कार्यक्रम के अंतर्गत तथा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत व्यापक वृक्षारोपण महाअभियान का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी अरविन्द सिंह के मार्गदर्शन में जनपद के सभी विकास खंडों, नगरीय निकायों एवं विभिन्न संस्थानों में सघन वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
मुख्य कार्यक्रम जलेसर तहसील स्थित रामसर साइट पटना पक्षी विहार में वन विभाग एवं नमामि गंगे के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें विधायक जलेसर संजीव दिवाकर, जिलाधिकारी अरविन्द सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इला मारन जी, मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद मिश्र, नगर पालिका परिषद जलेसर की अध्यक्ष गौरी वर्मा, डीएफओ विपिन वर्मा सहित अन्य अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने पौधरोपण कर हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण जागरूकता रैली निकालकर जनसामान्य को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। साथ ही क्विज, चित्रकला एवं अन्य प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया गया।
जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि हम सभी की सतत जिम्मेदारी है। वर्तमान समय में बढ़ता तापमान, जलवायु परिवर्तन एवं मौसम की अनिश्चितता मानव जीवन के लिए गंभीर चुनौती बनते जा रहे हैं। इन चुनौतियों का समाधान अधिकाधिक वृक्षारोपण एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में निहित है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण का अर्थ केवल वृक्ष लगाना नहीं, बल्कि जल, वायु एवं सम्पूर्ण पारिस्थितिकी तंत्र को प्रदूषण से बचाना भी है।
उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों द्वारा लगाए गए वृक्ष आज हमें छाया, फल, ऑक्सीजन एवं जीवनोपयोगी संसाधन प्रदान कर रहे हैं। उसी प्रकार आज लगाए गए पौधे आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर सिद्ध होंगे। उन्होंने जनपदवासियों से “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने का आह्वान किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इला मारन जी ने भी अधिक से अधिक वृक्षारोपण एवं उनके संरक्षण के लिए सभी नागरिकों को प्रेरित किया। मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद मिश्र ने कहा कि पौधरोपण के साथ-साथ उनका संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। प्रत्येक नागरिक को अपने घर, विद्यालय, खेत अथवा कार्यस्थल पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा प्रारम्भ किए गए “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के हरित उत्तर प्रदेश के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से साकार किया जा रहा है। पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान पटना पक्षी विहार की प्राकृतिक सुंदरता एवं यहां आने वाले विदेशी प्रवासी पक्षियों पर आधारित एक विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया, जिसकी उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं अतिथियों ने सराहना की।
इस अवसर पर क्षेत्रीय वन अधिकारी मनीषा कुकरेती, नमामि गंगे से आर्यन गौड़, वन विभाग एवं प्रशासनिक अधिकारियों सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
