आगरा में पत्नि ने पति की हत्या कर लाश बाथरूम में दफना दी, 45 दिन बाद खुला हत्या का राज
आगरा। आगरा में सुरेंद्र कुमार शर्मा (44) सिकंदरा में दहतोरा के रेणुका धाम कॉलोनी में रहते थे। घर में उनकी पत्नी रूबी, मां कमला और 2 बेटियां भी साथ रहती थीं। सुरेंद्र 18 मई से लापता थे। इस बारे में 26 मई को पत्नी रूबी ने ही गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। रूबी घरवालों और आसपास के लोगों से भी लगातार पति के लापता होने की बात कहती रही।
आज पुलिस एक पुराने मामले में सत्यापन और पूछताछ के लिए जब घर पहुंची, तो रूबी का व्यवहार संदिग्ध लगा। वहीं, सुरेंद्र के भाई ने भी पुलिस को महत्वपूर्ण सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस ने घर की गहन जांच कराई। इस दौरान पुलिस को बाथरूम की फर्श पर संदेह हुआ। इसके बाद बाथरूम की खुदाई कराई गई, जहां से सुरेंद्र का शव बरामद हुआ।
रूबी से कड़ाई से पूछताछ हुई तो उसने कबूल किया कि उसने हत्या करके बाथरूम में लाश दफना दी। ऊपर से प्लास्टर करवाया और फिर टाइल्स लगवा दी। पुलिस अब रूबी को रिमांड पर लेकर विस्तृत पूछताछ करेगी, जिसके बाद ही मालूम हो पाएगा आखिर हत्या करने की क्या वजह रही होगी।
