जिलाधिकारी के निर्देशन में जलेसर में आषाढ़ मास के प्रथम शनिवार का शनि जात कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न
श्रद्धालुओं को मिली बेहतर सुविधाएं, प्रशासन ने सुरक्षा, पेयजल, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता की चाक-चौबंद व्यवस्थाएं कीं
एसडीएम पीयूष रावत के कुशल पर्यवेक्षण में सभी विभागों ने किया समन्वित कार्य, श्रद्धालुओं ने निर्बाध रूप से किए दर्शन
एटा। जिलाधिकारी अरविन्द सिंह के निर्देशन एवं उप जिलाधिकारी पीयूष रावत के कुशल पर्यवेक्षण में तहसील जलेसर क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध छोटे मियां-बड़े मियां की दरगाह पर आषाढ़ मास के प्रथम शनिवार को आयोजित शनि जात कार्यक्रम पूर्णतः शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं सकुशल संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर दर्शन एवं इबादत की।
जिलाधिकारी द्वारा पूर्व में जारी निर्देशों के क्रम में शनि जात कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभागों को दायित्व सौंपे गए थे। इन निर्देशों का उप जिलाधिकारी जलेसर द्वारा प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराया गया। संपूर्ण मेला क्षेत्र एवं आगमन मार्गों पर व्यापक साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाएं, अग्निशमन, विद्युत आपूर्ति तथा सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखा गया। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित कराई गई थीं।
कार्यक्रम स्थल पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की निरंतर निगरानी रही। पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं होमगार्ड की तैनाती कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाया गया। यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग एवं डायवर्जन व्यवस्था लागू रही। स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सा दल, एम्बुलेंस एवं प्राथमिक उपचार की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई, जबकि पेयजल एवं स्वच्छता की व्यवस्थाओं पर नगर पालिका एवं संबंधित विभागों द्वारा लगातार निगरानी रखी गई। विद्युत विभाग द्वारा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ जर्जर तारों एवं पोलों का पूर्व में निरीक्षण एवं आवश्यक मरम्मत कार्य भी कराया गया।
जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने कहा कि जनसामान्य की सुरक्षा एवं सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शनि जात कार्यक्रम के दृष्टिगत दिए गए सभी निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किए जाने के कारण कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। उन्होंने कार्यक्रम में सहयोग करने वाले सभी विभागों, अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस बल तथा स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार समन्वित रूप से कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की।
