मैनपुरी में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 203 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे, पर्यटन मंत्री ने दी शुभकामनाएं
मैनपुरी (अजय किशोर) श्रीदेवी मेला एवं ग्राम सुधार प्रदर्शनी परिसर में आयोजित एक भव्य समारोह में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 203 नव-दंपतियों का विवाह संपन्न हुआ, जिसमें 14 मुस्लिम जोड़े भी शामिल हैं। इस पावन अवसर पर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने नव-विवाहित जोड़ों को सफल और सुखमय जीवन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस कार्यक्रम को सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्रीय एकता का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने गरीब परिवारों के कंधों से बेटियों की शादी का बोझ पूरी तरह हटा दिया है। अब यह सारी तैयारियां सरकारी खर्चे पर जिला प्रशासन द्वारा गरिमापूर्ण ढंग से की जा रही हैं।
पर्यटन मंत्री ने जानकारी दी कि उत्तर प्रदेश सरकार ने इस योजना को और अधिक प्रभावी बनाते हुए वर्तमान में प्रत्येक विवाह पर सरकारी खजाने से कुल 1 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान करने की व्यवस्था की है। इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी द्वारा प्रत्येक नव-विवाहित जोड़े को जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों का संरक्षण और सहयोग सौंपने की अनूठी पहल की भी उन्होंने जमकर सराहना की।
समारोह में उपस्थित पूर्व मंत्री और भोगांव विधायक रामनरेश अग्निहोत्री ने भी नव-दंपतियों को आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार जन्म से लेकर विवाह तक, हर चरण में गरीब और जरूरतमंद परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने रेखांकित किया कि पहले इस योजना के तहत 51 हजार रुपये की सहायता दी जाती थी, जिसे बढ़ाकर अब 1 लाख रुपये कर दिया गया है। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष ममता राजपूत ने वैवाहिक जीवन में प्रेम, विश्वास और सम्मान के महत्व को समझाते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने बजट का विवरण देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रति जोड़ा दिए जाने वाले 1 लाख रुपये में से 64-64 हजार रुपये सीधे वधू के बैंक खाते में भेजे जा रहे हैं। इसके साथ ही 21 हजार रुपये का सामान उपहार स्वरूप दिया जा रहा है और शेष 15 हजार रुपये आयोजन, खानपान व अन्य व्यवस्थाओं पर व्यय किए जा रहे हैं। इस भव्य एवं अलौकिक समारोह में पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु सहित कई जन-प्रतिनिधि, ब्लॉक प्रमुख और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन रविंद्र गौर द्वारा किया गया।
