पूर्व सैनिकों की समस्याओं का प्राथमिकता से हो समाधान : जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली
जिला सैनिक बंधु की बैठक में समस्याओं की सुनवाई, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
एटा। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली की अध्यक्षता में जिला सैनिक बंधु की बैठक आयोजित हुई। बैठक में पूर्व सैनिकों, सैनिकों एवं उनके आश्रितों से संबंधित विभिन्न समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का प्राथमिकता एवं संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि पूर्व सैनिकों ने देश की रक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। प्रशासन उनके कल्याण एवं समस्याओं के समाधान के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूर्व सैनिकों से संबंधित प्रकरणों में अनावश्यक विलंब अथवा लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में राजस्व,चकबंदी, पेंशन, विद्युत, खाद्य सहित विभिन्न विभागों से संबंधित प्रकरणों पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय से समस्याओं का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एसडीएम सदर श्वेता सिंह, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अधिशासी अभियंता विद्युत, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी अवकाश प्राप्त कर्नल महेंद्र प्रताप सिंह सहित पूर्व सैनिक एवं उनके आश्रित उपस्थित रहे।
