डीएम ने बृहद गो-संरक्षण केंद्र किनोड़ी खैराबाद का किया निरीक्षण, गोवंशों की बेहतर देखभाल के दिए निर्देश
गौशाला में वर्मी कम्पोस्ट एवं बायोगैस प्लांट स्थापित करने तथा सीसीटीवी व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर
रामलीला मैदान में बाउंड्री वॉल निर्माण कार्य की गुणवत्ता जांचने हेतु एसडीएम की अध्यक्षता में समिति गठित
एटा। निराश्रित गोवंशों को गौशालाओं में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं उनके उचित रखरखाव के उद्देश्य से जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने अलीगंज स्थित बृहद गो-संरक्षण केंद्र किनोड़ी खैराबाद का निरीक्षण किया। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था का जायजा लेते हुए स्क्रीन पर निगरानी व्यवस्था देखी तथा निर्बाध संचालन के लिए उचित बैकअप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने गौशाला में वर्मी कम्पोस्ट एवं बायोगैस प्लांट स्थापित कराने, गोवंशों को नियमित रूप से हरा चारा उपलब्ध कराने तथा पशु चिकित्सकों के माध्यम से समयबद्ध उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गौशाला से लगी चारागाह भूमि पर नेपियर घास तैयार किए जाने की जानकारी उप जिलाधिकारी अलीगंज ने दी।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने अलीगंज स्थित रामलीला मैदान में निर्माणाधीन बाउंड्रीवॉल का निरीक्षण किया। निर्माण कार्य लंबे समय से लंबित होने तथा गुणवत्ता संतोषजनक न पाए जाने पर उन्होंने उप जिलाधिकारी अलीगंज की अध्यक्षता में समिति गठित कर सीएनडीएस द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इलामारन जी ,मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्रा, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर0पी0शर्मा, उप जिलाधिकारी अलीगंज एवं तहसीलदार अलीगंज सहित अन्य संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।
