आगरा खण्ड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026: जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 इलामारन जि ने पोलिंग पार्टियों की रवानगी का किया निरीक्षण
——————————————–
*निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी मतदान सम्पन्न कराने के लिए अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
एटा। आगरा खण्ड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं सकुशल ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से आज जिला पंचायत स्थित जनेश्वर मिश्र सभागार से पोलिंग पार्टियों को निर्धारित मतदान केन्द्रों के लिए रवाना किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 इलामारन ने पोलिंग पार्टियों की रवानगी प्रक्रिया का निरीक्षण कर निर्वाचन व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पोलिंग पार्टियों की रवानगी, निर्वाचन सामग्री के वितरण एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए निर्देशित किया कि सभी पोलिंग पार्टियां निर्धारित समय पर अपने-अपने मतदान केन्द्रों पर पहुंचकर निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें। मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के साथ ही निर्वाचन संबंधी सभी आवश्यक प्रबंध समय से पूर्ण रखे जाएं।
जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने निर्देश दिए कि निर्वाचन कार्य में लगे समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ करें। वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 इलामारन जी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहने तथा मतदान केन्द्रों पर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट तथा संबंधित पुलिस अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करें, जिससे मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो और निर्वाचन प्रक्रिया सुचारु रूप से सम्पन्न हो सके। मतदान केन्द्रों पर भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित नियमों एवं व्यवस्थाओं का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए।
इस अवसर पर समस्त संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ), सहायक रिटर्निंग ऑफिसर (एआरओ), सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्रा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन/उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजय नारायण सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व चन्द्र प्रकाश पाठक,सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विपिन कुमार मोरल सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।
