60 लाख की हेरोइन बरामद, तस्कर फरार
एटा। नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस और ANTF आगरा यूनिट को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 594 ग्राम हेरोइन और एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद की है। बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई जा रही है।दरअसल, 5 नवंबर की रात ANTF आगरा यूनिट से सूचना मिली थी कि एक स्कॉर्पियो में सवार कुछ लोग कासगंज से मथुरा की तरफ हेरोइन लेकर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही एएसपी श्वेताभ पाण्डेय के नेतृत्व में जिलेभर में चेकिंग अभियान चलाया गया।
पुलिस की चेकिंग से बचने के लिए स्कॉर्पियो सवार कई रास्ते बदलते रहे, लेकिन ग्राम अंगदपुर के पास थाना सकीट पुलिस और ANTF टीम ने घेराबंदी कर दी।इस दौरान गाड़ी में सवार दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों की तरफ फरार हो गए। तलाशी लेने पर स्कॉर्पियो से 594 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।फरार आरोपियों की पहचान मथुरा निवासी अलीम और सोहेल के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के साथ गाड़ी मालिक को भी वांछित किया है।फिलहाल थाना सकीट में NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी है।
