DU की छात्रा आकृति चौधरी को हाईकोर्ट से बड़ी राहत, NSA का आदेश रद्द.. DM अपनी सेलरी से 5 लाख ₹ देंगी
13 अप्रैल के हिंसक प्रदर्शन मामले में हुई थी गिरफ्तारी, कोर्ट ने कहा- हिरासत ‘गढ़ी हुई कहानी’ पर आधारित
UP क़े नोएडा में मजदूरों के हिंसक प्रदर्शन के मामले में दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्रा और सामाजिक कार्यकर्ता आकृति चौधरी को इलाहाबाद हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। बुधवार को कोर्ट ने आकृति के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत जारी डिटेंशन ऑर्डर को रद्द कर दिया।
मामला 13 अप्रैल 2026 को नोएडा में हुए मजदूरों के हिंसक प्रदर्शन से जुड़ा है। इस मामले में लखनऊ के पत्रकार सत्यम वर्मा और आकृति चौधरी पर सोशल मीडिया के जरिये मजदूरों को भड़काने और विदेशी फंडिंग जैसे आरोप लगाए गए थे। आकृति को 11 अप्रैल को मेट्रो स्टेशन से गिरफ्तार किया गया था।
मामले की सुनवाई कर रही जस्टिस अतुल श्रीधरन और जस्टिस अचल सचदेव की पीठ ने आकृति के खिलाफ डिटेंशन ऑर्डर रद्द करते हुए कहा कि उनकी हिरासत राज्य की ओर से पेश की गई एक ‘गढ़ी हुई कहानी’ पर आधारित थी।
