थाना समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता पर करें गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण : जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली
जनसुनवाई से थाने भेजी गई शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेकर प्रभावी कार्यवाही के निर्देश
एटा। जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने शनिवार को थाना मिरहची में आयोजित थाना समाधान दिवस में प्रतिभाग कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने थाना समाधान पंजिका का अवलोकन कर शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली और कहा कि जनसामान्य की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि थाना समाधान दिवस में आने वाले सभी फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए उनके प्रभावी निस्तारण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों के अतिरिक्त विभिन्न जनसुनवाई माध्यमों से संदर्भित होकर थाने पर भेजे जाने वाले प्रकरणों पर भी तत्काल संज्ञान लिया जाए तथा नियमानुसार प्रभावी कार्यवाही करते हुए शिकायतकर्ता को राहत प्रदान की जाए।
उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता न निभाई जाए, बल्कि संबंधित अधिकारी प्रकरण की वास्तविक स्थिति का स्थलीय सत्यापन कर निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण कार्यवाही सुनिश्चित करें। राजस्व एवं पुलिस विभाग से संबंधित संयुक्त प्रकरणों में दोनों विभागों की टीमें आपसी समन्वय से मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करें, ताकि फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों एवं थानों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इस दौरान जिलाधिकारी ने थाना मिरहची में संचालित मिशन शक्ति सेल का भी निरीक्षण किया तथा वहां तैनात महिला पुलिसकर्मियों से महिलाओं से संबंधित शिकायतों की सुनवाई एवं उनके निस्तारण की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने महिला संबंधी शिकायतों को संवेदनशीलता एवं गंभीरता से सुनने और नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं को उनकी सुरक्षा, अधिकारों तथा उपलब्ध सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद मिश्र, थाना प्रभारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
