अलीगढ़ में पुलिस टीम को बनाया बंधक, मकान के बाहर जड़ा ताला, अंदर शोर मचाते रहे पुलिसकर्मी; SSP-SHO ने पहुंचकर बचाया
अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में पुलिस टीम को बंधक बना लिया गया। 20 लाख की चोरी का माल बरामद करने के लिए टीम चोरी के आरोपी के साथ उसके मकान पर पहुंची थी। टीम जब सर्च ऑपरेशन चला रही थी इसी बीच आरोपी ने मौका पाकर अपनी एक पड़ोसी महिला से मकान के मुख्य गेट पर ताला जड़वा दिया।
पुलिसकर्मी करीब आधे घंटे तक मकान के अंदर बंद रहे। शोर मचाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो थाने में सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाकर पुलिसकर्मियों को बाहर निकाला गया। घटना रोरावर थाने से करीब 500 मीटर दूर गौशाला मोहल्ले में बुधवार दोपहर करीब 12 बजे हुई।
यहां चोरी के सामान की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश देने पहुंची पुलिस टीम को ही बंधक बना लिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, रोरावर थाने के क्राइम इंस्पेक्टर अनुज कुमार शर्मा दो सिपाहियों के साथ एक मकान में चोरी का माल छिपाए जाने की सटीक सूचना पर रेड करने पहुंचे थे। पुलिस टीम जैसे ही घर के अंदर दाखिल हुई, वहां मौजूद एक महिला और उसके बेटे ने पुलिस कर्मियों का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते दोनों ने क्राइम इंस्पेक्टर और दोनों सिपाहियों को एक कमरे में बंद कर बंधक बना लिया गया।
