ईवीएम-वीवीपैट की एफएलसी की तैयारियों का जिलाधिकारी ने लिया जायजा
आयोग के निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता एवं गंभीरता से संपन्न कराएं एफएलसी : जिलाधिकारी
एफएलसी हॉल में सुरक्षा, विद्युत, पेयजल, साफ-सफाई एवं सीसी टीवी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश
एटा। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद में ईवीएम एवं वीवीपैट की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) का कार्य कल से प्रारंभ होना है। एफएलसी की तैयारियों के संबंध में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अरविन्द सिंह ने आज कलेक्ट्रेट स्थित ईवीएम वेयरहाउस एवं एफएलसी हॉल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुरूप एफएलसी का कार्य पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं गंभीरता के साथ संपन्न कराया जाए। एफएलसी प्रक्रिया के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण एवं सुचारू रखी जाएं, जिससे कार्य में किसी प्रकार का अवरोध उत्पन्न न हो।
उन्होंने निर्देशित किया कि एफएलसी हॉल में साफ-सफाई, विद्युत, प्रकाश, पेयजल, सुरक्षा, प्रवेश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित रहें। केवल अधिकृत प्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कार्मिकों को ही एफएलसी हॉल में प्रवेश दिया जाए।
उन्होंने एफएलसी प्रक्रिया की वेबकास्टिंग की व्यवस्था को भी सुचारू रखने के निर्देश दिए। कैमरों को इस प्रकार स्थापित करने को कहा गया कि एफएलसी हॉल की गतिविधियां स्पष्ट रूप से दिखाई दें तथा वेबकास्टिंग की रिकॉर्डिंग को भविष्य के उपयोग के लिए सुरक्षित रखा जाए। एफएलसी के दौरान प्रतिदिन की गतिविधियों एवं मशीनों की स्थिति का निर्धारित व्यवस्था के अनुसार रिकॉर्ड एवं ऑनलाइन अपडेट सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि एफएलसी प्रक्रिया के दौरान किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति न दी जाए और भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं SOP का भली-भांति अध्ययन कर उनका अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व चंद्र प्रकाश पाठक, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संगम लाल, निर्वाचन कार्यालय के वरिष्ठ सहायक मनोज शर्मा, रघुराज सिंह, जितेंद्र कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
