मतदाता सूची में कथित फर्जी और दोहराए गए नामों का मामला गरमाया, सांसद डिंपल यादव ने डीएम से मांगी जांच रिपोर्ट
मैनपुरी । (अजय किशोर) मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र की सांसद डिंपल यादव ने जिले की मतदाता सूचियों में कथित फर्जी और दोहराई गई (रिपीटेड) मतदाता प्रविष्टियों के मामले में जिलाधिकारी को पत्र लिखकर अब तक की गई जांच और कार्रवाई का ब्योरा मांगा है। उन्होंने मामले को निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता और मतदाता सूची की शुद्धता से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए निष्पक्ष जांच कराकर रिपोर्ट उपलब्ध कराने की मांग की है।
सांसद ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि इससे पहले 19 मई 2026 को समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष आलोक कुमार शाक्य ने 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची के परीक्षण के आधार पर जिलाधिकारी को विस्तृत ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन में जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में कथित फर्जी एवं दोहराई गई मतदाता प्रविष्टियों की ओर ध्यान आकृष्ट कराया गया था।
शिकायत के अनुसार, मैनपुरी विधानसभा क्षेत्र में 4,377, भोगांव में 4,379, किशनी में 4,692 और करहल में 5,776 संदिग्ध मतदाता प्रविष्टियां होने का दावा किया गया है। इस प्रकार चारों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 19,224 प्रविष्टियां संदिग्ध बताए जाने का दावा किया गया है। हालांकि, इन प्रविष्टियों के संबंध में आधिकारिक जांच के निष्कर्ष सामने आना अभी शेष है।
सांसद डिंपल यादव ने जिलाधिकारी से मामले में अब तक की गई जांच, की गई कार्रवाई और वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने समयबद्ध एवं निष्पक्ष जांच कराकर रिपोर्ट देने तथा जांच में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों और संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई का विवरण भी उपलब्ध कराने को कहा है।
