आगरा में ट्रॉली बैग में मिले महिला के 18 टुकड़ों का खुला राज, चेन्नई तक जुड़ी क़त्ल की कड़ी
UP के आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर पांच अगस्त को लाल रंग के ट्रॉली बैग में मिले महिला के 18 टुकड़ों के मामले में पुलिस की जांच चेन्नई तक पहुंच गई है। पुलिस के मुताबिक लाश क़े टुकड़े ओडिशा की निवासी 38 वर्षीय हयातुन निशा के थे। जांच में सामने आया कि महिला की हत्या चेन्नई में की गई थी। पुलिस के अनुसार शव से बदबू न आए, इसके लिए आरोपियों ने कथित तौर पर शव पर मैदा और सब्जियां लगाकर उसे प्रेशर कुकर में उबाला। इसके बाद शव के कई टुकड़ों को ट्रॉली बैग में भरकर तमिलनाडु एक्सप्रेस की जनरल बोगी में रख दिया गया।
350 CCTV फुटेज खंगालने के बाद मिली कड़ी
मामले की जांच में आगरा और चेन्नई पुलिस ने करीब 19 दिनों तक पड़ताल की। इस दौरान करीब 350 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। चेन्नई रेलवे स्टेशन की CCTV फुटेज में एक युवक और युवती ट्रॉली बैग के साथ नजर आए। इसी सुराग के आधार पर पुलिस आगे बढ़ी।
सोमवार, 24 अगस्त को पुलिस जांच करते हुए चेन्नई के गुडुवांचेरी पहुंची, जहां हयातुन निशा रहती थी। पुलिस को एक कमरे में रखे बर्तन से महिला का कटा हुआ सिर बरामद हुआ।
दो संदिग्धों की तलाश..
पुलिस अब असम निवासी माणिकउद्दीन लश्कर और चेन्नई क़े भगवती माझी की तलाश कर रही है। पुलिस को आशंका है कि हत्या के पीछे अवैध संबंधों से जुड़ा विवाद हो सकता है। हालांकि, हत्या की असली वजह और घटना में दोनों संदिग्धों की भूमिका की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
