जिलाधिकारी की अध्यक्षता में डी.डब्ल्यू.एस.एम. की बैठक आयोजित, जल जीवन मिशन के कार्यों की हुई विस्तृत समीक्षा
निर्माणाधीन पेयजल परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करें, वितरण प्रणाली के लिए खोदी गई सड़कों की तत्काल मरम्मत कराएं: जिलाधिकारी
प्रत्येक प्राथमिक विद्यालय, पंचायत भवन, पीएचसी एवं सीएचसी में नल कनेक्शन सुनिश्चित करने के निर्देश
एटा। जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पेयजल एवं स्वच्छता मिशन (डी.डब्ल्यू.एस.एम.) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिशासी अभियंता द्वारा जल जीवन मिशन ग्रामीण के अंतर्गत जनपद में संचालित पेयजल परियोजनाओं की प्रगति से अवगत कराया गया। जिलाधिकारी ने तकनीकी एजेंसियों पी.एम.पी.एल., के.पी.आई.एल. एवं आयन एक्सचेंज के परियोजना प्रबंधकों से योजनावार प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिशासी अभियंता ने बताया कि मैसर्स पावरमेक प्रोजेक्ट लिमिटेड द्वारा 316 योजनाओं के सापेक्ष 98 योजनाएं पूर्ण कर अनुरक्षण एवं संचालन हेतु हस्तांतरित की जा चुकी हैं। इसी प्रकार मै0 जे.एम.सी. द्वारा 144 योजनाओं के सापेक्ष 37 योजनाएं अनुरक्षण एवं संचालन हेतु प्रेषित की जा चुकी हैं। इसके अतिरिक्त आई.एस.ए. के कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जल वितरण प्रणाली के कार्यों के लिए खोदी गई सड़कों की प्रत्येक दशा में तत्काल मरम्मत कराना सुनिश्चित किया जाए। जिन परियोजनाओं के माध्यम से नियमित जलापूर्ति की जा रही है, उनमें क्लोरीनेशन की समुचित व्यवस्था के साथ ही जलापूर्ति की जाए, जिससे आमजन को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो सके। उन्होंने जनपद के प्रत्येक प्राथमिक विद्यालय, पंचायत भवन, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में नल कनेक्शन सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं। जल जीवन मिशन के अंतर्गत नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने अवशेष परियोजनाओं को समय से पूर्ण कराने तथा कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन शासन की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक परिवार तक स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल पहुंचाना है। अतः सभी संबंधित अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाएं पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
बैठक में सहायक अभियंता, जूनियर इंजीनियर जल निगम ग्रामीण, टी.पी.आई., डी.पी.एम.यू. टीम के सदस्य, आई.एस.ए. के प्रतिनिधि सहित एक्सईएन जल जीवन मिशन ग्रामीण अमन कुमार तथा एक्सईएन जल जीवन मिशन नगरीय सैयद तारिक अली आदि उपस्थित रहे।
