चंडीगढ़। कांग्रेस में टूट थमने का नाम नहीं ले रही है। राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के दौरे के बाद भी कांग्रेस में नेताओं का पलायन थम नहीं रहा है। रविवार को राहुल गांधी के साथ स्टेज शेयर करने वाले पंजाब मीडियम इंडस्ट्री डेवलपमेंट बोर्ड के चेयरमैन अमरजीत सिंह टिक्का (Amarjit Singh Tikka) और उनके भतीजे पंजाब यूथ डेवलपमेंट बोर्ड के चेयरमैन सुखविंदर सिंह बिंद्रा (Sukhwinder Singh Bindra) ने कांग्रेस छोड़ दी। दोनों ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है।
सुखविंदर सिंह बिंद्रा ने रविवार को राहुल गांधी के साथ स्टेज शेयर की थी। रैली के दौरान स्टेज पर मात्र 22 कुर्सियां लगाई गई थीं। इन पर कांग्रेस के कुछेक सीनियर नेता ही बैठाए गए थे। सुखविंदर सिंह बिंद्रा कैबिनेट मंत्री भारत भूषण आशु और दाखा से उम्मीदवार संदीप संधू के पीछे सीट पर बैठे हुए थे। वह स्टेज पर राहुल गांधी के साथ ही चढ़े थे।
चरणजीत चन्नी पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
अमरजीत सिंह टिक्का ने पंजाब के मुख्यमंत्री और विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की ओर से सीएम पद के प्रत्याशी चरणजीत सिंह चन्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि चन्नी से भी कांग्रेस ने पैसे लिए हैं। उनकी तरफ से यह पैसा बॉलीवुड स्टार सोनू सूद की बहन और मोगा से चुनाव लड़ रहीं मालविका सूद से दिलवाया गया है।
सिद्धू पर भी लगाया आरोप
टिक्का ने कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू ने अपनी टिकट के लिए मानसा से चुनाव लड़ रहे मूसेवाला से 20 करोड़ रुपए दिलवाए हैं। उनका कहना है कि कांग्रेस की तरफ से उत्तर प्रदेश में चुनाव के लिए पैसा इकट्ठा किया जा रहा है। वहां पर पार्टी प्रियंका गांधी की अगुवाई में चुनाव लड़ रही है और प्रेस्टीज इश्यू बना लिया है।
कांग्रेस के बड़ा चेहरा थे टिक्का
कांग्रेस का बड़ा चेहरा रहे हैं अमरजीत सिंह टिक्का और बिंद्रा अमरजीत सिंह टिक्का का परिवार पिछले 37 साल से कांग्रेस पार्टी से जुड़ा है। उनकी चौथी पीढ़ी कांग्रेस के लिए काम कर रही है। दादा जस्टिस हरनाम सिंह बिंदरा ने पंडित जवाहर लाल नेहरू, पिता जोध सिंह बिंदरा ने इंदिरा गांधी के साथ काम किया। पिता, वह खुद और उनके भतीजे भी कांग्रेस के साथ काम कर रहे हैं।
Disclaimer: This article has not been edited by Culprit Tahalaka. This news is published by news agency or other source.
Culprit Tahalka – Latest news, Hindi Khabar Live, Uttar Pradesh Breaking News Hindi, Crime News, National News, Filmy News
कलप्रिट तहलका (राष्ट्रीय हिन्दी साप्ताहिक) भारत/उप्र सरकार से मान्यता प्राप्त वर्ष 2002 से प्रकाशित। आप सभी के सहयोग से अब वेब माध्यम से आपके सामने उपस्थित है।
समाचार,विज्ञापन,लेख व हमसे जुड़ने के लिए संम्पर्क करें।
