प्रेमी ने की थी प्रेमिका की हत्या: प्रेमिका की शादी दूसरी जगह तय होने से नाराज था प्रेमी, गले में कैंची से वार कर दिया हत्या को अंजाम
सब- एडिटर अमित माथुर
एटा। एटा जनपद के सकरौली थाना क्षेत्र के गांव बारा समसपुर में लड़की की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने सिरफिरे आशिक को आला कत्ल सहित गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशान देही पर हत्या में प्रयुक्त कैंची को बरामद किया है।
बता दें कि तीन दिन पूर्व बारा समसपुर गांव में इक्कीस वर्षीय लड़की का कत्ल हो गया था। लड़की का शव उसी के घर पर खून से लथपथ स्थिति में जमीन पर पड़ा मिला था, मर्डर की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया।
पुलिस ने हत्या की जांच तेज की और आरोपी को हिरासत में ले लिया साथ ही हत्या में प्रयुक्त की गई कैंची को भी निशानदेही पर बरामद कर लिया गया है।
एएसपी राजकुमार ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि आरोपी रोहित कुमार उर्फ अर्जुन कुमार निवासी ग्राम तखावन थाना सकरौली का मृतका के साथ पिछले तीन वर्षों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था लेकिन पिछले दिनों मृतका के परिजनों ने उसका विवाह कहीं और तय कर दिया। मृतका का विवाह दूसरी जगह तय होने के बाद से उसने अपने प्रेमी रोहित कुमार उर्फ अर्जुन कुमार से बातचीत करना बंद कर दिया था।
आरोपी 03 जुलाई की रात्रि को छिपकर अपने प्रेमिका से मिलने उसके घर गया था लेकिन मृतका ने उससे ढंग से बात नहीं की और उसकी बेइज्जती कर दी इससे आरोपी गुस्से में आ गया और मृतका का गला दबाकर पास में रखी कैंची से मृतका के गले पर वार कर उसकी हत्या कर दी और वहां से फरार हो गया।
