विद्यालयों में दिखा तिरंगे का उत्साह, हर घर तिरंगा अभियान से गूंजा राष्ट्रप्रेम का संदेश
तिरंगा रंगोली, देशभक्ति आधारित प्रतियोगिताओं और सैनिक-पुलिसकर्मियों को आभार पत्र लेखन में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
डीएम अरविन्द सिंह के निर्देश पर माध्यमिक विद्यालयों में आयोजित हो रही हैं विभिन्न राष्ट्रभक्ति से जुड़ी गतिविधियां
एटा। हर घर तिरंगा अभियान-2026 के अंतर्गत जनपद एटा के माध्यमिक विद्यालयों में राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश शासन, अपर मुख्य सचिव, संस्कृति अनुभाग, लखनऊ एवं जिलाधिकारी अरविन्द सिंह के निर्देशानुसार 09 से 17 अगस्त 2026 तक तीन चरणों में आयोजित होने वाले अभियान के तहत विद्यालयों में विद्यार्थियों को तिरंगे के गौरव एवं स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास से जोड़ने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
अभियान के प्रथम चरण में विद्यालयों की दीवारों, बोर्ड आदि को तिरंगा आधारित कलाकृतियों से सजाने के साथ ही तिरंगा रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए आकर्षक तिरंगा रंगोलियां बनाईं। इसके साथ ही देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सैनिकों एवं पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से आभार पत्र भी लिखवाए गए।
जनपद के महारानी लक्ष्मीबाई कन्या इंटर कॉलेज एटा, जनता इंटर कॉलेज अवागढ़, श्री नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज जैथरा, राजकीय हाई स्कूल मोहम्मद नगर बझेरा, श्री वर्णी जैन इंटर कॉलेज एटा, क्रिश्चियन एग्रीकल्चर इंटर कॉलेज एटा, भारतीय इंटर कॉलेज न्यौराई एवं आदर्श इंटर कॉलेज जलेसर सहित विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों में हर घर तिरंगा अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के आगामी चरणों में विद्यालयों में तिरंगा रैली, स्वतंत्रता आंदोलन पर आधारित प्रतियोगिताएं एवं देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 13 से 15 अगस्त के मध्य घरों, सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थानों तथा शहीद स्मारकों आदि पर ध्वजारोहण एवं तिरंगा प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। प्रधानाचार्यों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं को तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर निर्धारित वेबसाइट पर अपलोड करने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा तिरंगा रैली निकाली जाएगी। रैली के प्रारंभ से पूर्व वंदे मातरम् का सामूहिक गायन कराया जाएगा। विद्यालयों में खो-खो, कबड्डी, रस्साकशी आदि स्थानीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी होगा। कार्यक्रमों के समापन पर आगंतुकों के अभिभाषण के उपरांत बच्चों को मिष्ठान एवं फल वितरित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने निर्देश दिए हैं कि हर घर तिरंगा अभियान के सभी कार्यक्रमों में विद्यार्थियों एवं आमजन की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाए तथा अभियान के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाया जाए। जिला सूचना कार्यालय एटा 👆
