प्रेम संबंध का खौफनाक अंत: पत्नी के साथ मिलकर पति ने प्रेमिका को दिल्ली बुलाया, गला दबाकर हत्या; बागपत में शव ठिकाने लगाया
UP क़े जिला बागपत के जंगल में करीब 25 दिन पहले मिली किशोरी की अधजली लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान मथुरा निवासी 16 वर्षीय परी के रूप में हुई। जांच में सामने आया कि परी के मथुरा निवासी सागर से प्रेम संबंध थे। इसकी जानकारी सागर की पत्नी को हुई तो दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
पुलिस के मुताबिक, सागर और उसकी पत्नी ने परी को बहाने से दिल्ली बुलाया। यहां दोनों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को स्कूटी से बागपत लाया गया और जंगल में फेंक दिया गया।
पहचान मिटाने के लिए शव पर डाला तेजाब
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए शव के चेहरे और शरीर को तेजाब से नुकसान पहुंचाया और फिर आग लगा दी। जंगल में अधजला शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
करीब 25 दिन तक चली जांच में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से मृतका की पहचान की। इसके बाद जांच की कड़ियां सागर और उसकी पत्नी तक पहुंचीं। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि परी और सागर के संबंधों की जानकारी होने के बाद सागर की पत्नी नाराज थी। इसी विवाद के चलते दोनों ने मिलकर परी को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
