जिलाधिकारी अरविन्द सिंह के निर्देश पर राजस्व वसूली अभियान तेज
बकाया जमा न करने पर पानी डालकर ईंट भट्ठे का संचालन कराया गया बंद
राजस्व वसूली में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी
एटा। जनपद में शासकीय राजस्व की प्रभावी वसूली सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी अरविन्द सिंह के निर्देशानुसार राजस्व विभाग द्वारा बकायेदारों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में सोमवार को उपजिलाधिकारी सदर श्वेता सिंह के नेतृत्व में राजस्व टीम ने तहसीलदार नीरज वार्ष्णेय के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए तहसील सदर क्षेत्र एक बड़े बकायेदार ईंट भट्ठे पर प्रवर्तन कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान तहसील सदर क्षेत्र स्थित किशनपुर मौजा में मै0कांता ईंट उद्योग (ईंट भट्ठा) पर लगभग ₹9,825,30(9 लाख 82 हजार 530 रुपये) तथा देय ब्याज की राजस्व बकाया धनराशि जमा न किए जाने के कारण नियमानुसार भट्ठे में पानी डलवाकर उसका संचालन बंद करा दिया गया।
जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सरकारी राजस्व की वसूली में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। बड़े बकायेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने सभी बकायेदारों से अपील की है कि वे स्वेच्छा से अपनी बकाया राजस्व धनराशि समय से जमा करें, अन्यथा नियमानुसार कुर्की, सीलिंग एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
