बाढ़ पूर्व तैयारियों को लेकर स्टेयरिंग कमेटी की बैठक सम्पन्न, जिलाधिकारी ने व्यवस्थाओं की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश
एटा।जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, एटा के अंतर्गत बाढ़ पूर्व तैयारियों के संबंध में स्टेयरिंग कमेटी की बैठक जिलाधिकारी अरविन्द सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में सम्पन्न हुई। बाढ़ एवं जल प्लावन क्षति से संभावित परिस्थितियों के दृष्टिगत सभी आवश्यक तैयारियों की औपचारिक समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पूर्व तैयारी सुनिश्चित रखें। संभावित जलभराव एवं संवेदनशील स्थलों की पहचान कर अद्यतन सूची तैयार रखने तथा आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई के लिए सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने सिंचाई विभाग को नहरों, बम्बों, रजवाहों एवं सहायक जल स्रोतों की समय से सिल्ट सफाई एवं आवश्यक मरम्मत कार्य पूर्ण कराने को कहा।
तटबंधों, बांधों एवं नहरों का नियमित निरीक्षण कर उनकी सुदृढ़ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जलस्तर की निगरानी एवं संबंधित सूचनाओं के समय पर आदान-प्रदान पर भी बल दिया गया। जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्राम स्तर पर जल निकासी एवं सिंचाई व्यवस्थाओं की साफ-सफाई सुनिश्चित कराने हेतु निर्देशित किया गया। समस्त उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदारों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क निगरानी रखने को कहा गया।
स्वास्थ्य विभाग को संभावित जलजनित रोगों से निपटने हेतु आवश्यक दवाओं, चिकित्सा टीमों एवं एम्बुलेंस की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। पशुपालन विभाग को पशुओं के लिए चारा एवं उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्यों हेतु संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित रखते हुए मॉक ड्रिल के माध्यम से तैयारियों का परीक्षण किया जाए। विद्युत विभाग को भी आपात स्थिति में निर्बाध एवं वैकल्पिक विद्युत आपूर्ति बनाए रखने हेतु सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि किसी भी संभावित स्थिति में त्वरित सूचना प्रणाली को सक्रिय रखते हुए जनसामान्य को जागरूक करने के लिए प्रभावी प्रचार-प्रसार किया जाए।
बैठक में प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी विपिन वर्मा,अपर जिलाधिकारी वि0रा0 लालता प्रसाद शाक्य, अपर जिलाधिकारी प्रशासन सत्यप्रकाश, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रमेश मौर्य,समस्त उपजिलाधिकारी गण,समस्त तहसीलदार, सिंचाई, स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, पंचायत राज एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी गण आदि उपस्थित रहे।
बाढ़ पूर्व तैयारियों को लेकर स्टेयरिंग कमेटी की बैठक सम्पन्न, जिलाधिकारी ने व्यवस्थाओं की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश
अमित माथुर - उप संपादक कलप्रिट तहलका
Leave a Comment
Leave a Comment
