नवागत जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने मीडिया से संवाद कर रखी विकास की स्पष्ट रूपरेखा, पारदर्शिता व जनभागीदारी पर रहेगा विशेष फोकस
एटा। जनपद एटा के नवागत जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत कलक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में मीडिया प्रतिनिधियों के साथ औपचारिक भेंट/वार्ता की। इससे पूर्व उन्होंने देर रात्रि जनपद कोषागार पहुंचकर विधिवत रूप से जिलाधिकारी का कार्यभार संभाला।
मीडिया से संवाद के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन द्वारा संचालित सभी योजनाओं का धरातल पर पूर्ण पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ क्रियान्वयन सुनिश्चित कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि शासन की नीतियों, प्राथमिकताओं एवं योजनाओं को अक्षरशः लागू करने के साथ-साथ उन्हें अधिक प्रभावी और परिणामोन्मुख बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के विकास में जनप्रतिनिधियों, मीडिया एवं आमजन के फीडबैक की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। सभी के साथ सतत संवाद स्थापित कर योजनाओं को बेहतर ढंग से लागू किया जाएगा, जिससे विकास कार्यों में गति और गुणवत्ता दोनों सुनिश्चित हो सके।
एटा की भौगोलिक एवं रणनीतिक स्थिति पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी के कारण जनपद अब दिल्ली, आगरा,अलीगढ़, कानपुर एवं बरेली जैसे प्रमुख आर्थिक केंद्रों के बेहद निकट आ गया है। इस विशेषता का लाभ उठाते हुए जनपद को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए ठोस रणनीति तैयार की जाएगी।
कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्र में संभावनाओं का उल्लेख करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सिंघाड़ा, मखाना एवं अन्य फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देकर उन्हें बड़े स्तर की इंडस्ट्री से जोड़ा जाएगा। विशेष रूप से जलेसर क्षेत्र एवं अन्य जलभराव वाले इलाकों में उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर मखाना उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही एफपीओ (किसान उत्पादक संगठन) एवं ओडीओपी (एक जनपद, एक उत्पाद) योजना के माध्यम से किसानों को सीधे उद्योगों से जोड़ने की पहल की जाएगी, जिससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि इसके लिए समय-समय पर सेमिनार, कार्यशालाएं एवं इंडस्ट्री से समन्वय कार्यक्रम आयोजित कर किसानों को बाजार से सीधे जोड़ा जाएगा।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। इसके लिए सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी रणनीति बनाई जा रही है।
अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में शांति व्यवस्था, सुरक्षा एवं सुशासन को सर्वोपरि रखते हुए विकास के नए आयाम स्थापित किए जाएंगे और शासन की नीतियों को पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ लागू किया जाएगा। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व लालता प्रसाद शाक्य,अपर जिलाधिकारी प्रशासन सत्यप्रकाश, उपजिलाधिकारी भावना विमल, उपजिलाधिकारी विपिन कुमार मोरल,ई डिस्ट्रिक मैनेजर अविरल तिवारी सहित जनपद के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधी गण आदि उपस्थित रहे।
