शनि जात मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, डीएम-एसएसपी ने किया स्थलीय निरीक्षण
जलेसर के शनि जात मेले की व्यवस्थाओं पर प्रशासन की पैनी नजर, डीएम ने दिए चाक-चौबंद इंतजाम के निर्देश
शनिजात पर सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम, डीएम-एसएसपी ने मौके पर जाकर देखी व्यवस्था
एटा। तहसील जलेसर क्षेत्र में आषाढ़ मास के प्रत्येक शनिवार एवं बुधवार को कई वर्षों से पारंपरिक रूप से आयोजित होने वाले प्रसिद्ध शनि जात मेले के सकुशल एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में जिलाधिकारी अरविन्द सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इलामारन जी ने शनिवार को छोटे मियां-बड़े मियां की दरगाह एवं मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि लाखों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस मेले में सुरक्षा, सुगम आवागमन एवं मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जानी चाहिये। उन्होंने निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र में पर्याप्त बैरिकेडिंग कर श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित बनाया जाए, जिससे कहीं भी भीड़ का अनावश्यक दबाव अथवा भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न न होने पाए। प्रत्येक तैनात अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी संवेदनशीलता, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
जिलाधिकारी ने पेयजल, साफ-सफाई, मोबाइल शौचालय, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य नागरिक सुविधाओं को निरंतर संचालित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा किसी भी प्रकार की समस्या सामने आने पर उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इला मारन जी ने निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र एवं आसपास के संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रहे तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। अराजक एवं असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाए तथा किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना मिलते ही तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। यातायात व्यवस्था भी सुचारु रहे ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
स्वास्थ्य विभाग को मेला परिसर एवं आसपास चिकित्सा शिविर स्थापित कर चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, आवश्यक दवाइयों एवं एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अग्निशमन एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं को भी पूर्ण रूप से सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी जलेसर पीयूष रावत, क्षेत्राधिकारी जलेसर ज्ञानेन्द्र प्रताप सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी राजकुमार मौर्य, संबंधित थाना प्रभारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
