डेढ़ किलोग्राम के विशाल अंडाशय ट्यूमर का मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों ने किया सफल ऑपरेशन
वीरांगना अबन्तीबाई लोधी ऑटोनोमस स्टेट मेडिकल कॉलेज, एटा के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग में लगभग डेढ़ किलोग्राम वजन के विशाल अंडाशय ट्यूमर का सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया गया। यह उपलब्धि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बलवीर सिंह के कुशल नेतृत्व, मार्गदर्शन एवं निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
विभागाध्यक्ष डॉ. साधना सिंह ने बताया कि 29 वर्षीय महिला पिछले लगभग एक माह से पेट दर्द एवं कमजोरी की समस्या से परेशान थीं। जांच के दौरान अल्ट्रासाउंड एवं एमआरआई में अंडाशय में लगभग 12×10 सेंटीमीटर आकार के बड़े ट्यूमर की पुष्टि हुई। मरीज की स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही थी तथा पूर्व में उन्हें कुछ स्थानों पर बच्चेदानी निकालने की सलाह भी दी गई थी।
मरीज ने मेडिकल कॉलेज एटा के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग में परामर्श लिया। मरीज की स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों द्वारा तत्काल ऑपरेशन का निर्णय लिया गया। मरीज एवं परिजनों की सहमति से यह तय किया गया कि केवल ट्यूमर को निकालने का प्रयास किया जाएगा तथा अनावश्यक रूप से बच्चेदानी को नहीं निकाला जाएगा।
मंगलवार को विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के दौरान लगभग डेढ़ किलोग्राम का विशाल अंडाशय ट्यूमर निकाला गया। ट्यूमर के एक हिस्से में सड़न शुरू हो चुकी थी तथा उससे दुर्गंध भी आ रही थी। समय पर ऑपरेशन किए जाने से मरीज को गंभीर संक्रमण एवं अन्य संभावित जटिलताओं से बचाया जा सका। मरीज की बच्चेदानी को सुरक्षित रखा गया।
ऑपरेशन डॉ. साधना सिंह एवं डॉ. पंखुड़ी द्वारा किया गया। एनेस्थीसिया की जिम्मेदारी डॉ. श्रुति एवं डॉ. अश्विनी द्वारा सफलतापूर्वक निभाई गई। पूरी टीम के समन्वित प्रयास से ऑपरेशन सफल रहा।
ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति संतोषजनक है। मरीज एवं उनके परिजनों ने सफल उपचार के लिए चिकित्सकों एवं प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस सफल ऑपरेशन पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बलवीर सिंह ने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज एटा में मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए महाविद्यालय निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने चिकित्सकीय टीम की कार्यकुशलता एवं समर्पण की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने की अपेक्षा व्यक्त की।
