किसान दिवस में किसानों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर जोर
सीडीओ ने अधिकारियों को दिए किसानों की समस्याओं के समयबद्ध एवं प्राथमिकता से निस्तारण के निर्देश
31 अगस्त से पूर्व फसल बीमा कराने के लिए किसानों को किया गया जागरूक
एफपीओ, पशुपालन, उद्यान एवं कृषि विभाग की योजनाओं की दी गई जानकारी
एटा। किसान दिवस का आयोजन मुख्य विकास भवन स्थित शताक्षी सभागार में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्र की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में एफपीओ प्रतिनिधियों, प्रगतिशील किसानों तथा कृषि एवं कृषि से संबंधित विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। किसान दिवस में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी किसानों को दी गई तथा किसानों द्वारा उठाई गई समस्याओं एवं सुझावों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसान दिवस में प्राप्त किसानों की समस्याओं एवं सुझावों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा संबंधित विभाग किसानों से प्राप्त शिकायतों पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करें।
उप कृषि निदेशक सुमित कुमार ने कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी किसानों को दी। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि किसान दिवस में प्राप्त समस्याओं एवं सुझावों का तत्काल संज्ञान लेकर प्रभावी निस्तारण कराया जाएगा।
जिला कृषि अधिकारी डॉ. मनवीर सिंह ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की जानकारी देते हुए किसानों से अपील की कि वे निर्धारित समयसीमा के अंतर्गत 31 अगस्त से पूर्व अपनी फसलों का बीमा अवश्य करा लें, जिससे दैवीय आपदा अथवा प्राकृतिक आपदा के कारण फसल को होने वाले नुकसान की स्थिति में योजना के अंतर्गत नियमानुसार लाभ प्राप्त किया जा सके,जिला प्रबंधक नाबार्ड पवन कुमार ने किसानों को बैंकिंग सुविधाओं तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने पशुपालन विभाग की योजनाओं की जानकारी देते हुए बरसात के मौसम में पशुओं की देखभाल, उचित पोषण एवं आश्रय स्थलों में उनके समुचित रख-रखाव के संबंध में किसानों को जागरूक किया।
जिला उद्यान अधिकारी ने किसानों को फूलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करते हुए बताया कि किसान फूलों की खेती को अपनाकर अपनी आय में अतिरिक्त वृद्धि कर सकते हैं। एपीडा के प्रतिनिधि डॉ. आदित्य कुमार ने एफपीओ के गठन, संचालन तथा अभिलेखों के उचित रख-रखाव के संबंध में विस्तार से जानकारी दी तथा किसानों को सामूहिक रूप से कृषि गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया।
बैठक में कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. एस.के. सिंह, सिंचाई विभाग के प्रतिनिधि सहित कृषि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। अधिकारियों ने किसानों को विभागीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने तथा अपनी समस्याओं एवं सुझावों को किसान दिवस के माध्यम से संबंधित विभागों के समक्ष रखने के लिए प्रेरित किया।
