आई फ़ोन दिलाने की जिद से शुरू हुआ विवाद… और एक ही मिनट में खत्म हो गया पूरा परिवार!
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में एक दर्दनाक घटना ने हर किसी को झकझोर दिया। तिसगांव इलाके के खावड्या पहाड़ पर एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई।मृतकों की पहचान कुणाल चंदगुड़े (19), उनके पिता मुरलीधर चंदगुड़े (48) और मां संगीता चंदगुड़े के रूप में हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक कुणाल जल्टा फाटा इलाके में अपने माता-पिता के साथ रहता था।
पहले घर में हुआ विवाद, फिर पहाड़ पर पहुंचा कुणाल..
पुलिस के अनुसार, कुणाल शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे खावड्या पहाड़ पर पहुंचा। बताया जा रहा है कि मोबाइल फोन को लेकर माता-पिता से हुए विवाद के बाद वह बेहद परेशान था।
जब परिवार को उसके पहाड़ पर पहुंचने की जानकारी हुई तो पिता मुरलीधर और मां संगीता उसे समझाने के लिए वहां पहुंचे। गांव के कुछ लोग भी उनके साथ थे।
तीन घंटे तक समझाते रहे लोग…
रिपोर्ट के मुताबिक करीब तीन घंटे तक कुणाल को नीचे आने के लिए समझाया गया। लोगों ने उसे मोबाइल फोन देने की बात भी कही, लेकिन वह काफी परेशान था और नीचे आने को तैयार नहीं था। इसके बाद पिता मुरलीधर बेटे के पास पहुंचे। इसी दौरान कुणाल अचानक पहाड़ से नीचे गिर गया। उसे बचाने की कोशिश में पिता मुरलीधर का संतुलन बिगड़ गया और वह भी नीचे गिर गए। दोनों की मौत हो गई।
यह सब मां संगीता की आंखों के सामने हुआ। पति और बेटे की मौत से वह सदमे में आ गईं और वह भी कूद गई। इस तरह कुछ ही देर में परिवार के तीन सदस्यों की जान चली गई।
क्या आईफोन बना विवाद की वजह?
इस घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर कुणाल इतना परेशान क्यों था?
तिसगांव के पूर्व सरपंच ने दावा किया है कि कुणाल आईफोन लेना चाहता था और इसी को लेकर माता-पिता से विवाद हुआ था। हालांकि, यह दावा अभी पुलिस की जांच में आधिकारिक रूप से साबित नहीं हुआ है।
